http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 21 मार्च, 2009 को 20:26 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

भारत-पाकिस्तान सीमा पर फ़ायरिंग

कश्मीर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर दोनों ओर से फ़ायरिंग हुई है. भारतीय सेना का कहना है कि पहले पाकिस्तानी सीमा से गोलीबारी की गई.

भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में भारतीय सेना के प्रवक्ता कर्नल जेएस बरार ने कहा कि उरी सेक्टर में शुक्रवार रात गोलीबारी शुरु हुई.

उन्होंने बताया कि फ़ायरिंग चार घंटों तक चली और भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की.

सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि फ़ायरिंग में एक भारतीय जवान मामूली रुप से जख़्मी हो गया.

हालाँकि उन्होंने ये नहीं बताया कि सीमा पार से गोलीबारी पाकिस्तानी सेना ने की या चरमपंथियों ने.

दोनों देशों ने नवंबर, 2003 में कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर युद्धविराम की घोषणा की थी.

ये युद्धविराम अभी भी लागू है. हालाँकि इसके बावजूद कभी कभार दोनों ओर से फ़ायरिंग हुई है और इसके लिए दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं.