शुक्रवार, 20 मार्च, 2009 को 05:24 GMT तक के समाचार
लेखक और संयुक्त राष्ट्र में राजनयिक रहे शशि थरूर को कांग्रेस ने केरल की तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाने का फ़ैसला किया है.
गुरुवार को देर रात केरल के लिए जिन 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कांग्रेस ने की उनमें एक नाम शशि थरूर का भी है.
शशि थरूर भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद के लिए भी चुनाव लड़ चुके हैं.
कुछ समय पहले उन्होंने संकेत दिए थे कि वे चुनाव लड़ना चाहते हैं और उन्होंने अपनी पसंद के रुप में कांग्रेस पार्टी का नाम लिया था.
शशि थरूर मूल रुप से केरल के ही रहने वाले हैं लेकिन केरल के कांग्रेस नेता उनको लोकसभा का टिकट दिए जाने का विरोध कर रहे थे.
मीडिया में ख़बरें थीं कि केरल के मुख्यमंत्री रह चुके रक्षामंत्री एके एंटनी भी शशि थरुर को टिकट देने के पक्ष में नहीं थे.
उनका विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि शशि थरूर केरल के लिए अब बाहरी उम्मीदवार हैं.
अपनी उम्मीदवारी पर सफ़ाई देते हुए शशि थरूर ने एक टेलीविज़न चैनल से कहा कि वे स्थानीय लोगों के विरोध को समझ सकते हैं लेकिन लोकसभा में दोनों ही तरह के लोगों की ज़रुरत है, एक वो लोग जो ज़मीन से जुड़े हुए हों और दूसरे वो जो राष्ट्र को लेकर एक अलग दृष्टिकोण रखते हों.
उनका कहना था, "जिन लोगों ने तिरुवनंतपुरम में राजनीति करते हुए अपना ख़ून पसीना एक कर दिया उनकी निराशा को मैं समझ सकता हूँ और उन्हें निराश होने का हक़ भी है."
उनका कहना था कि कि वे भी लोगों की समस्या को समझ सकते हैं और उन्हें दूर करने का प्रयास कर सकते हैं.