गुरुवार, 19 मार्च, 2009 को 18:00 GMT तक के समाचार
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के पीलीभीत से उम्मीदवार वरुण गांधी की टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है.
मनमोहन सिंह का कहना था,'' यदि वरुण गांधी की टिप्पणियाँ सही हैं तो ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.''
दिल्ली में रक्षा अलंकरण समारोह में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वो लोक सभा चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे.
उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी सरकार के प्रदर्शन के आधार पर यूपीए फिर सत्ता में आएगी.
मनमोहन सिंह ने कहा,'' मुझे विश्वास है कि कामकाज के आधार पर लोग यूपीए सरकार को सत्ता में फिर से वापस लाएंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि वो अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं और चुनाव प्रचार करेंगे.''
जब उनसे पूछा गया कि लोक सभा चुनावों में वो किसको अपना मुख्य प्रतिद्वंद्वी मानते हैं, इस पर उनका कहना था,'' विरोधी विरोधी होते हैं, हमें किसी को कम नहीं आंकना चाहिए.''
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की धमनियों में रुकावट थीं जिन्हें दूर करने के लिए 24 जनवरी को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में बाइपास सर्जरी की गई थी.
सर्जरी के बाद पहली बार बुधवार को उन्होंने मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की थी.