http://www.bbcchindi.com

रविवार, 15 मार्च, 2009 को 21:14 GMT तक के समाचार

चार अमरीकी सैनिक मारे गए

पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में सड़क किनारे हुए बम विस्फोट में चार अमरीकी सैनिक मारे गए हैं. तालेबान चरमपंथियों ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन यानी नैटो की अगुआई वाली अंतरराष्ट्रीय सैन्य गठबंधन ने हमले में अमरीकी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है.

घटना ननगरहार प्रांत की है. हमलावरों ने सैनिकों की गाड़ी को निशाना बनाकर बम विस्फोट किया.

इस वर्ष अब तक चरमपंथी हमलों में 60 विदेशी सैनिकों की मौत हो चुकी है.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ख़राब होती सुरक्षा स्थिति के बीच अमरीका अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती करने जा रहा है.

उधर राजधानी काबुल में नैटो सैनिकों को निशाना बनाकर आत्मघाती बम हमले में दो लोगों की मौत हो गई.

इस हमलें में 14 लोग घायल भी हो गए. हालाँकि कोई भी विदेशी सैनिक हताहत नहीं हुआ.

कंधार शहर के मेयर के काफ़िले पर भी बम से हमला हुआ लेकिन वो बच गए. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हुए.

कंधार के ही मैवंत ज़िले में अमरीकी सेना ने पाँच चरमपंथियों को मारने का दावा किया है.

उधर नैटो सेना के लिए पाकिस्तान से अफ़ग़ानिस्तान आ रहे रसद से लदे ट्रकों पर हमला हुआ है जिसमें बीस ट्रकों को नुकसान पहुँचा है.