मंगलवार, 10 मार्च, 2009 को 07:06 GMT तक के समाचार
श्रीलंका पुलिस का कहना है कि देश के दक्षिणी हिस्से में स्थित एक मस्जिद के पास हुए एक भीषण बम विस्फोट में कम से कम 14 लोग के मारे गए हैं.
राजधानी कोलंबो से 160 किलोमीटर दूर अकुरेसा शहर में हुए इस धमाके में श्रीलंका के एक मंत्री समेत क़रीब 20 लोग घायल हुए हैं.
देश के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह विस्फोट तमिल विद्रोहियों का एक आत्मघाती हमला था.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विस्फोट के वक़्त मस्जिद में सरकार के कुछ मंत्री और अधिकारी एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए हुए थे.
श्रीलंका की कुल एक करोड़ नौ लाख लोगों की जनसंख्या में 13 लाख मुसलमान हैं.
मुसलमानों पर निशाना
रक्षा मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा, "एक तमिल विद्रोही आत्मघाती हमलावर ने मतारा ज़िले के अकुरेसा की गोदापिटिया मस्जिद पर हमला किया."
वेबसाइट पर मौजूद श्रीलंका के तेल मंत्री एचएम फोज़ी ने रॉयटर समाचार एजेंसी से कहा कि लगता है कि हमलावर ने क़ाफ़िले में मस्जिद की ओर जाते हुए मंत्रियों पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, "वहाँ उस वक़्त छह मंत्री थे और चरमपंथियों ने इस मौक़े का इस्तेमाल हम को निशाना बनाने में किया. इस हमले में सिर्फ़ एक मंत्री महिंद्रा विजेशेखरा घायल हुए और कुल सात शव घटनास्थल पर मिले हैं."
विजेशेखरा श्रीलंका के डाक एवं दूरसंचार मंत्री हैं.
तमिल विद्रोही पिछले 25 सालों से देश के उत्तर और पूर्व में रह रहे अपने समुदाय के लिए अलग राज्य की माँग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं.
पिछले कुछ सप्ताहों से श्रीलंका की सेना ने तमिल विद्रोहियों को लगातार हराते हुए देश के उत्तर में स्थित जंगलों में सीमित कर दिया गया है.
पिछले 25 सालों से चल रहे इस संघर्ष में क़रीब 70 हज़ार लोग मारे गए हैं.