http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 03 मार्च, 2009 को 12:08 GMT तक के समाचार

ड्राइवर की होशियारी से बचेः संगकारा

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के उपकप्तान और विकेटकीपर कुमार संगकारा ने कहा है कि टीम के बस ड्राइवर की होशियारी के कारण ही शायद वे और उनके साथी खिलाड़ी सुरक्षित बच पाए.

संगकारा ने गोलीबारी के क्षण को याद करते हुए कहा कि हमला होने के बाद उस बस के भीतर अफ़रातफ़री मच गई जिसमें बैठकर खिलाड़ी मैच खेलने स्टेडियम की ओर जा रहे थे.

संगकारा ने कहा,"अचानक सबलोग कहने लगे, नीचे बैठ जाओ, जल्दी से, कोई गोली चला रहा है".

"फिर हम सब लोग बस की फ़र्श पर बैठ गए, हमने बस से टकराती गोलियों की आवाज़ सुनी, कुछ धमाके हो रहे थे".

संगकारा ने कहा कि इस सबके बीच बस के ड्राइवर ने अपनी बुद्धि लगाते हुए बस को आगे भगाना जारी रखा.

संगकारा ने बताया,"हमारा ड्राइवर बड़ा होशियार था जो सारी अफ़रातफ़री के बीच बस को भगाते हुए सीधे स्टेडियम में ले गया और शायद इसी से हम बच सके".

हमले के बाद श्रीलंका टीम के सारे खिलाड़ियों को लाहौर के गद्दाफ़ी स्टेडियम से हेलिकॉप्टर की सहायता से बाहर निकाला गया.

दूसरा टेस्ट मैच रद्द कर दिया गया है. दो दिन का खेल हो चुका था और तीसरे दिन के खेल के लिए खिलाड़ी जा रहे थे जब श्रीलंकाई टीम पर हमला हुआ.

हमला

मंगलवार सुबह हुए हमले में श्रीलंका के सात खिलाड़ी और टीम के सहायक कोच घायल हुए हैं.

पाकिस्तान के पाँच पुलिसकर्मी इस हमले में मारे गए जो टीम की बस की सुरक्षा कर रहे थे.

घायल होनेवाले खिलाड़ियों में कुमार संगकारा भी शामिल हैं जिन्हें एक छर्रे से साधारण चोट लगी.

दो खिलाड़ियों - थिलन समरवीरा और थरांगा परानाविताना - को थोड़ी ज़्यादा चोट लगी जिसके बाद उनको अस्पताल ले जाया गया.

कुमार संगकारा ने इस बात की पुष्टि की है कि वे और उनके सभी साथी खिलाड़ी सुरक्षित और ख़तरे से बाहर हैं.

संगकारा ने कहा, "हम स्तब्ध हैं लेकिन इसके अलावा सबकुछ ठीक है".

उन्होंने आगे कहा,"मुझे इसका अफ़सोस नहीं है कि हम यहाँ क्रिकेट खेलने आए, क्योंकि ये तो हम सारी ज़िंदगी करते रहे हैं, ये हमारा पेशा है".

"लेकिन हमें इस घटना पर अफ़सोस है, हम बस अपने घर, अपने परिवार के पास सुरक्षित लौटना चाहते हैं".

श्रीलंका की टीम भारतीय टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द होने के बाद वहाँ खेलने गई थी. मुंबई हमलों के बाद भारतीय टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया गया था.

श्रीलंकाई टीम 20 जनवरी को पाकिस्तान पहुँची थी और उसने 24 जनवरी को लाहौर में एक दिवसीय मैच भी खेला जिसमें उन्होंने 234 रनों से शानदार जीत हासिल की थी.

श्रीलंका टीम तीन एक दिवसीय और दो टेस्ट मैच खेलने पाकिस्तान गई थी.