सोमवार, 02 मार्च, 2009 को 16:23 GMT तक के समाचार
पंद्रहवीं लोकसभा के लिए चुनाव तारीखों की घोषणा का कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों ने ही स्वागत किया है.
मुख्य चुनाव आयुक्त एन गोपालस्वामी ने सोमवार को जैसे ही इस बात की घोषणा की कि पूरे देश में चुनाव पाँच चरणों में होंगे, दोनों ही पार्टियों ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस निर्णय का स्वागत करती हैं.
चुनाव तारीख़ों की घोषणा के बाद भाजपा के प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, "हम पाँच चरणों में चुनाव करवाने की घोषणा का स्वागत करते हैं. 16 मई को जब मतगणना होगी तब लोग बदलाव लेकर आएँगे."
साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी चुनाव निष्पक्ष और ईमानदार ढंग से होंगे, साथ ही सुरक्षा की पुख़्ता व्यवस्था की जाएगी.
उधर कांग्रेस ने भी चुनाव तारीखों का स्वागत करते हुए कहा है कि वे चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है.
कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने बीबीसी से बातचीत करते हुए कहा, "राजनीतिक पार्टियाँ प्रस्ताव रखती हैं लेकिन अंतिम निर्णय चुनाव आयोग का ही होता है. हमने प्रस्ताव रखे, लेकिन हम चुनाव आयोग के निर्णय के सामने नतमस्तक हैं. हम चुनाव में कूदने के लिए 24 घंटे, सातों दिन तैयार हैं."
अभिषेक सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में चुनाव की तैयारी शुरु कर चुकी है.
मतदान के लिए चुनाव आयोग ने 16 अप्रैल, 23 अप्रैल, 30 अप्रैल, सात मई और 13 मई की तारीखें तय की हैं. मतों की गिनती 16 मई को होगी.