रविवार, 22 फ़रवरी, 2009 को 17:26 GMT तक के समाचार
भारतीय विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि तालेबान के ख़िलाफ़ भारत की लड़ाई संपूर्ण है और उसके साथ किसी तरह का समझौता नहीं हो सकता.
प्रणब मुखर्जी ने एक निजी भारतीय टेलीविज़न चैनल से कहा, "तालेबान ने सिवाय हिंसा फैलाने के कुछ नहीं किया है. वह एक आतंकवादी संगठन है और उसके ख़िलाफ़ हमारी लड़ाई में कोई कसर नहीं है."
पाकिस्तान सरकार और तालेबान के बीच स्वात घाटी में हुए समझौते के बारे में पूछे जाने पर दी गई प्रतिक्रिया में भारतीय विदेश मंत्री ने ये बयान दिया है.
रविवार को कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए प्रणब मुखर्जी ने कहा कि मुंबई हमलों पर पाकिस्तान की कार्रवाई अभी भी संतोषजनक नहीं है.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जिन लोगों को पकड़ा है उन्हें वह भारत को सौंपने में आनाकानी कर रहा है.
प्रणब मुखर्जी ने कहा, "पाकिस्तान अभी भी अस्वीकार की मुद्रा में है. ये हम सब जानते हैं."
पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने कहा है कि उनका देश मुंबई हमलों की जाँच आगे बढ़ाएगा जब भारत उसके तीस सवालों का जवाब दे देगा.