http://www.bbcchindi.com

रविवार, 22 फ़रवरी, 2009 को 12:27 GMT तक के समाचार

स्वात में वरिष्ठ अधिकारी रिहा

पाकिस्तान में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि स्वात घाटी में अगवा किए गए वरिष्ठ अधिकारी को रिहा कर दिया गया है. हालांकि वे अभी मिंगोरा नहीं पहुंचे हैं.

खुशाल खान स्वात के नए ज़िला समन्वय अधिकारी हैं. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक उन्हें बंदूक की नोक पर छह सुरक्षाकर्मियों के साथ अगवा किया गया था.

वे उस समय स्वात के मुख्य शहर मिंगोरा जा रहे थे. अगवा होने के बाद
तालेबान प्रवक्ता मुस्लिम खान ने कहा था, "वे हमारे मेहमान हैं. हमें कुछ मुद्दों पर बातचीत करनी थी. हम उन्हें चाय पिलाएँगे और रिहा कर देंगे."

ये अपहरण ऐसे समय हुआ जब स्वात में सरकार और चरमपंथियों के बीच स्थाई संघर्षविराम के लिए बातचीत चल रही है. इसके बाद वहाँ शरिया क़ानून लागू हो जाएगा.

तालेबान ने पिछले हफ्ते दस दिन के लिए संघर्षविराम की घोषणा की थी.

तालेबान ने कहा है कि स्वात घाटी में स्थाई संघर्षविराम किया जाए या नहीं, इस बारे में घोषणा अगले कुछ दिनों में की जाएगी.

स्वात घाटी का ज़्यादातर नियंत्रण तालेबान के हाथ में है. वर्ष 2007 से इस इलाक़े में तालेबान के विद्रोह के कारण हज़ारों लोग पलायन कर चुके हैं और बड़ी संख्या में स्कूलों को भी नष्ट कर दिया गया है.

पिछले हफ़्ते पाकिस्तान सरकार और स्वात घाटी में तालेबान ग्रुप के बीच शरिया क़ानून लागू करने को लेकर शांति समझौता हुआ था.

समझौते के बाद स्वात में एक टीवी पत्रकार की हत्या भी हो चुकी है. मूसा खान खेल नाम के ये पत्रकार रिपोर्टिंग के लिए स्वात में थे.