http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 16 फ़रवरी, 2009 को 18:47 GMT तक के समाचार

राणे का कांग्रेस ने निलंबन वापस लिया

कांग्रेस नेतृत्व के ख़िलाफ़ टिप्पणी करने पर दो महीने पूर्व पार्टी से निलंबित किए गए महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता नारायण राणे को सोमवार को कांग्रेस में वापस ले लिया गया.

कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने दिल्ली में पत्रकारवार्ता में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नारायण राणे की निलंबन वापसी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है.

ये प्रस्ताव रक्षा मंत्री एके एंटनी की ओर से किया गया था जो महाराष्ट्र के प्रभारी महासचिव हैं.

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर को मुंबई हमले के बाद अशोक चह्वाण को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया गया था.

इस पर नारायण राणे पार्टी नेतृत्व पर भड़क उठे थे और उन्होंने पार्टी आलाकमान के ख़िलाफ़ कड़ी टिप्पणियाँ की थीं.

उसके बाद छह दिसंबर को कांग्रेस ने उन्हें निलंबित कर दिया था.

शिवसेना-भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री रह चुके राणे विलासराव देशमुख के इस्तीफ़े के बाद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे.

राणे महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के महत्वपूर्ण नेता हैं और उन्होंने क़रीब तीन साल पहले शिवसेना छोड़ दी थी.

प्रेक्षकों का कहना है कि लोक सभा चुनाव नजदीक आने के कारण कांग्रेस पार्टी ने उनका निलंबन वापस लिया है.