रविवार, 15 फ़रवरी, 2009 को 01:49 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान ने अपनी सरज़मीं में हो रहे अमरीकी मिसाइल हमलों पर फिर आपत्ति जताई है और कहा है कि चरमपंथियों से निपटने में वह ख़ुद सक्षम है.
प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी के सलाहकार रहमान मलिक ने अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से सटे वज़ीरिस्तान में शनिवार को हुए मिसाइल हमले के बाद ये बयान दिया है.
रहमान मलिक आंतरिक सुरक्षा और गृह मामलों के सलाहकार हैं.
ख़बरों के मुताबिक अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकी सेना ने वज़ीरिस्तान के एक गाँव में मिसाइल से हमला किया जहाँ संदिग्ध चरमपंथी रहते थे.
इस हमले में 27 लोग मारे गए थे. तालेबान ने इसकी पुष्टि की है कि हमले में उसके लड़ाके मारे गए हैं.
इस हमले के बाद रहमान मलिक का कहना था, "अमरीका को पाकिस्तानी लोगों की इच्छा का सम्मान करना चाहिए और हमारी सीमा में मिसाइल हमले बंद करना चाहिए."
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार अफ़ग़ानिस्तान सीमा से पास चरमपंथी गतिविधियाँ ख़त्म करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है.
रहमान मलिक का कहना है कि मिसाइल हमले से पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन हुआ है.
अफ़ग़ानिस्तान और अमरीका का आरोप है कि सीमा से सटा पाकिस्तानी इलाक़ा चरमपंथियों का पनाहगार बना हुआ है जहाँ से अफ़ग़ानिस्तान में हमले किए जाते हैं.