गुरुवार, 12 फ़रवरी, 2009 को 14:00 GMT तक के समाचार
भारत ने उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान सरकार अपने देश में आतंकवाद की संरचना को नष्ट करने के लिए भरोसेमंद क़दम उठाए.
मुंबई हमलों से संबंधित जाँच के क्रम में पाकिस्तान ने पहली बार ये स्वीकार किया है कि हमलों की साज़िश का कुछ हिस्सा उसकी ज़मीन पर ही रचा गया.
वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों की बातचीत के बाद गृह मंत्री पी चिदंबरम ने भी इसे एक सकारात्मक क़दम बताया है.
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "पाकिस्तान से जो जवाब आया है वह प्रारंभिक तौर पर एक सकारात्मक क़दम प्रतीत होता है. हमारे जो दस्तावेज़ थे वे बहुत ही पुख़्ता थे. इस बारे में विस्तृत बयान विदेश मंत्री शुक्रवार को संसद में देंगे."
उन्होंने कहा कि संसद सत्र चल रहा है और ये समय पाकिस्तान के जवाब की गुणवत्ता में जाने का नहीं है. गृह मंत्री ने कहा कि जवाब का विस्तृत आकलन किया जाएगा और फिर जवाब दिया जाएगा.
बयान
इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान जारी करके कहा था कि भारत मुंबई हमले के दोषियों को सज़ा देना चाहता है.
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि गुरुवार दोपहर पाकिस्तान के विदेश सचिव ने भारतीय उच्चायुक्त को पाकिस्तान की ओर से उठाए जा रहे क़दमों की जानकारी दी.
भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने यह स्वीकार किया है कि आतंकवादी हमलों में पाकिस्तान के तत्त्व शामिल थे. भारत ने इसे सकारात्मक प्रगति कहा है.
बयान में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान अभी इस मामले की जाँच कर रहा है और उसने कुछ और जानकारी मांगी है.
विदेश मंत्रालय का कहना है कि भारत सरकार पाकिस्तान की ओर से आए जवाब पर विचार करेगी और इसके बाद जो भी सूचना देनी होगी, पाकिस्तान को दी जाएगी.
पिछले साल नवंबर में मुंबई हमलों के क़रीब डेढ़ महीने बाद पाँच जनवरी को भारत ने पाकिस्तान को जानकारी सौंपी थी और मांग की थी कि वह कार्रवाई करे. इन हमलों में कम से कम 173 लोग मारे गए थे.