http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 06 फ़रवरी, 2009 को 10:04 GMT तक के समाचार

'पाकिस्तान पर दबाव बनाए संयुक्त राष्ट्र'

भारतीय विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पाकिस्तान अपनी सरज़मीं पर आतंकवाद ख़त्म करने के वादे पर अमल करे.

प्रणब मुखर्जी ने कहा कि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून को मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी है और बताया है कि ये हमले पाकिस्तान स्थित तत्वों की ओर से हुए.

बान की मून के साथ गुरुवार को हुई बैठक के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, "मैंने उनके साथ मुंबई हमलों और इस सिलसिले में पाकिस्तान को दिए गए दस्तावेज़ों के बारे में विस्तार से चर्चा की."

उनका कहना था, "मैंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से इन पहलुओं पर विचार करने की अपील की और कहा कि यह सुनिश्चित हो कि पाकिस्तान अपने वादों पर अमल करे जो उसने भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से किए थे."

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बान की मून के साथ बैठक में भारतीय विदेश मंत्री ने बताया कि किस तरह दस हथियारबंद चरमपंथी पाकिस्तान के कराची से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुँचे और हमलों को अंजाम दिया.

पिछले साल 26 नवंबर को हुए चरमपंथी हमलों में 170 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

इसके बाद पाकिस्तान पर लगातार चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने का दबाव बढ़ा है और भारत के साथ उसके संबंधों में खटास आई है.