गुरुवार, 05 फ़रवरी, 2009 को 21:02 GMT तक के समाचार
मुंबई में हुए चरमपंथी हमले के सबूतों की जाँच को लेकर भारत के बढ़ते दबाव के बीच पाकिस्तान ने कहा है कि जाँच पूरी कर ली गई है और सोमवार या मंगलवार को रिपोर्ट प्रकाशित कर दी जाएगी.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने शुक्रवार को कहा कि मुंबई हमले पर जाँच रिपोर्ट प्रकाशित करने के बाद पाकिस्तान पूरी दुनिया को विश्वास में लेगा कि सच क्या है.
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने भारत के दस्तावेज़ के आधार पर जाँच के लिए एक तीन सदस्यीय टीम बनाई थी.
वैसे तो इस टीम को पिछले 26 जनवरी को रिपोर्ट दे देनी थी लेकिन इसे अब तक प्रकाशित नहीं किया गया है.
इस बीच भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाता रहा है कि मुंबई हमले के जो सबूत भारत ने दिए हैं उसकी जाँच में पाकिस्तान सहयोग करे.
'कुछ नहीं छिपाएँगे'
दस्तावेज़ के जवाब को लेकर कई तरह के बयानों के बीच एक बयान प्रधानमंत्री का आया है.
उन्होंने सोमवार-मंगलवार को रिपोर्ट प्रकाशित करने की बात कही है.
प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने शुक्रवार को कहा, "हम कुछ भी नहीं छिपाएँगे."
उनका कहना था, "हम नहीं चाहते कि पाकिस्तान की ज़मींन का उपयोग आतंकवाद के लिए किया जाए."
इस बीच पाकिस्तान ने इन आरोपों का भी खंडन किया है कि मुंबई हमलों के पीछे ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई का भी हाथ था.
उन्होंने इस आरोप को पाकिस्तान को बदनाम करने के लिए किया जा रहा दुष्प्रचार बताया है.
उल्लेखनीय है कि पेरिस में एक सम्मेलन में बोलते हुए भारत के विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने कहा था मुंबई हमलों के पीछे आईएसआई का हाथ था.