गुरुवार, 05 फ़रवरी, 2009 को 11:36 GMT तक के समाचार
भारत ने एक बार फिर ये स्पष्ट किया है कि मुंबई हमलों से संबंधित जो जानकारी पाकिस्तान को सौंपी गई है, उस पर कोई जवाब नहीं मिला है.
नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि इस मामले में कोई भ्रम की स्थिति नहीं है.
पिछले दिनों राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन ने एक इंटरव्यू में यह कहा था कि भारत ने पाकिस्तान को जो जानकारी सौंपी थी, उस पर कई सवाल पूछे गए थे.
गृह मंत्री ने कहा, "कोई भ्रम नहीं है. मैंने और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि हमें पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है."
स्पष्टीकरण
एमके नारायणन ने इंटरव्यू में ये भी कहा था कि भारत ने पाकिस्तान की ओर से पूछे गए कुछ सवालों के जवाब भी दिए हैं.
लेकिन बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार ने एक बयान जारी करके स्पष्ट किया कि एमके नारायणन के बयान को सही परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत नहीं किया गया है.
एक अन्य सवाल के जवाब में गृह मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान से संबंध तोड़ने की संभावना के बारे में उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया.
पी चिदंबरम के मुताबिक़ उन्होंने सिर्फ़ ये कहा था कि अगर पाकिस्तान मुंबई हमलों से संबंधित सौंपी गई जानकारी पर कार्रवाई नहीं करता है, तो भारत-पाकिस्तान के रिश्ते कमज़ोर पड़ते जाएँगे और एक दिन ये ख़त्म भी हो सकते हैं.
गृह मंत्री ने कहा कि इस मामले में उन्होंने एक सोच सामने रखी थी. उनका बयान कोई नीतिगत फ़ैसला नहीं था.