सोमवार, 02 फ़रवरी, 2009 को 03:22 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि युद्धग्रस्त पूर्वोत्तर श्रीलंका में एक अस्पताल हमलों का निशाना बना है जिनमें बच्चों समेत कई लोग मारे गए हैं.
यह अस्पताल मुलाईतिवु ज़िले में स्थित है. जिस इलाक़े में यह अस्पताल है वो तमिल विद्रोहियों यानी एलटीटीई के क़ब्ज़े में बचा एकमात्र इलाक़ा है.
कोलंबो से संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता गोर्डन वीस ने बीबीसी को बताया कि अस्पताल में बच्चों के लिए बने वार्ड में कई गोले गिरे.
उन्होंने बताया कि जिस समय गोलों से हमला हुआ उस समय अस्पताल में काफी भीड़ थी.
संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता ने कहा कि हताहतों की सही संख्या का पता लगाने की कोशिश रही है.
विद्रोहियों के क़ब्ज़े वाले इलाक़े में यह एकमात्र अस्पताल बचा है जहाँ घायलों का इलाज हो रहा है.
उधर रेड क्रॉस ने अस्पताल को निशाना बनाए जाने पर गुस्से का इज़हार किया है.
इसी अस्पताल के आस-पास लड़ाई से बचने के लिए हज़ारों लोगों ने शरण ली है.
श्रीलंकाई सेना का कहना है कि वो नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए दी गई समयसीमा समाप्त होते ही कार्रवाई शुरु कर देगी.
इस बीच श्रीलंका सरकार ने चेतावनी दी है कि 'विद्रोहियों से सहानुभूति जताने वाले' कूटनयिकों, सहायता एजेंसियों और पत्रकारों को निष्कासित किया जाएगा.
सहायता एजेंसियों का कहना है कि युद्ध क्षेत्र में फँसे लोग बुरे हाल में हैं और सैंकड़ों लोगों की जानें जा चुकी है.