http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 02 फ़रवरी, 2009 को 23:11 GMT तक के समाचार

'हमें पाकिस्तान के जवाब का इंतज़ार'

भारत के विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने मुंबई हमलों पर पाकिस्तान के जवाब के संबंध में कहा कि भारत के पास इंतज़ार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है.

दिल्ली में सोमवार को एक टीवी चैनल के पुरस्कार समारोह में उन्होंने कहा,'' अपना धैर्य खोकर हमें कुछ हासिल नहीं होगा इसलिए हमारे पास कोई और विकल्प नहीं है.''

उन्होंने ये बात एक सवाल के जवाब में कही कि जिसमें उनसे पूछा गया था कि भारत मुंबई हमलों के सिलसिले में कब तक पाकिस्तान के जवाब का इंतज़ार कर सकता है.

उल्लेखनीय है कि भारत ने पाकिस्तान को पाँच जनवरी को मुंबई हमलों के सबूत सौंपे थे और तब से वो उसके जवाब का इंतज़ार कर रहा है.

पाकिस्तान का कहना है कि वो मामले की जाँच कर रहा है और जल्द ही भारत को जवाब देगा.

प्रणब मुखर्जी ने रविवार को कहा था कि मुंबई हमलों के संबंध में यदि पाकिस्तान कोई और सूचना चाहता है तो भारत उसे उपलब्ध कराने को तैयार है.

लेकिन उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया था कि मुंबई हमलों के संबंध में पाकिस्तान की जाँच के बारे में भारत को कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है.

उनका कहना था,'' पाकिस्तान को भारत ने मुंबई हमलों से संबंधित जो दस्तावेज़ सौंपे थे, उनका उसे आधिकारिक रूप से कोई जवाब नहीं मिला है.''

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध हैं और पाकिस्तान को उनके माध्यम से जवाब देना चाहिए.