http://www.bbcchindi.com

रविवार, 01 फ़रवरी, 2009 को 03:13 GMT तक के समाचार

प्रधानमंत्री की अस्पताल से छुट्टी

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बाइपास सर्जरी के क़रीब एक हफ़्ते के बाद एम्स से छुट्टी मिल गई है और वो वापस घर पहुंच गए हैं.

प्रधानमंत्री को अपना पूरा कामकाज संभालने में अभी कुछ समय और लग सकता है और घर में भी उनके स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की एक टीम की नज़र रहेगी.

रविवार की सुबह क़रीब साढ़े सात बजे प्रधानमंत्री को एम्स से छुट्टी मिल गई और उनकी हालत बेहतरीन बताई जा रही है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदॉस ने इस अवसर पर संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री प्रसन्नचित्त हैं और अभी वो कुछ दिन आराम करेंगे.

उनका कहना था, '' प्रधानमंत्री अभी थोड़ी देर पहले ही एम्स से रवाना हुए हैं. वो प्रसन्नचित्त थे और जानना चाह रहे थे कि देश में क्या हो रहा है. उनका आपरेशन बिल्कुल सही रहा है और अभी वो कुछ दिन स्वास्थ्य लाभ करेंगे. ''

डॉक्टरों के अनुसार प्रधानमंत्री को अपना पूरा कामकाज संभालने में चार से छह हफ़्ते लग सकते हैं.

पिछले शनिवार को प्रधानमंत्री के हृदय की विशेष बाइपास सर्जरी हुई थी जिसके बाद से वो अस्पताल में ही थे.

मनमोहन सिंह ने पहली बार 1990 में बाइपास सर्जरी करवाई थी और इसके बाद 2004 में उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी.

पिछले हफ़्ते अस्वस्थ होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था और उसके बाद डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी करने का फ़ैसला किया था.

आने वाले दिनों में संसद का विशेष सत्र आयोजित होने वाला है और माना जा रहा है कि इस दौरान प्रधानमंत्री संसद में उपस्थित रह सकते हैं.

हालांकि उसके बाद आम चुनाव सर पर हैं और प्रधानमंत्री के लिए आने वाले महीने काफ़ी थकान वाले हो सकते हैं.