शनिवार, 31 जनवरी, 2009 को 17:42 GMT तक के समाचार
भारतीय विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने स्पष्ट किया है कि मुंबई हमलों के सिलसिले में दिए गए सबूतों पर पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है.
उन्होंने इस बात को ख़ारिज कर दिया कि पाकिस्तान की ओर से वहाँ चल रही जाँच के बारे में कोई जानकारी दी गई है.
प्रणब मुखर्जी ने अपने पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी के उन दावों का खंडन किया कि पाकिस्तान के उच्चायुक्त शाहिद मलिक ने गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम से मुलाकात के दौरान उन्हें जाँच की प्रगति से अवगत कराया.
भारतीय विदेश मंत्री का कहना था कि शाहिद मलिक और चिदंबरम की मुलाक़ात शिष्टाचार के नाते हुई थी और इस दौरान पाकिस्तान में हुई जांच के नतीजों पर कोई ब्यौरा नहीं दिया गया.
प्रणब मुखर्जी ने कहा कि हमने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानीं के कथित स्पष्टीकरण समेत जारी जांच पर विभिन्न पाकिस्तानी अधिकारियों के कुछ ख़ास बयानों के बारे में मीडिया रिपोर्ट देखी हैं.
मुखर्जी ने कहा, "मैं यह स्पष्ट करना चाहूंगा कि अभी तक हमें भारतीय दस्तावेज़ पर आधिकारिक पाकिस्तानी जवाब या उनकी जांच के नतीजे से संबंधित आधिकारिक सूचना नहीं मिली है. उनका इंतजार है."
ब्रिटेन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त वहीद शम्सुल हसन ने दावा किया था कि पाकिस्तानी जांच में यह नतीजा सामने आया है कि मुंबई हमले की साजिश उनके देश में नहीं रची गई थी बल्कि कहीं और रची गई थी.
हालाँकि इसके तुरंत बाद गिलानी ने कहा था कि इस मुद्दे पर हसन टिप्पणी नहीं कर सकते और यह काम गृहमंत्रालय का है.