http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 26 जनवरी, 2009 को 07:53 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान बम धमाके में पाँच की मौत

पाकिस्तान के सरहदी सूबे के शहर डेरा इस्माइल ख़ान में सोमवार को हुए एक धमाके में पाँच लोग मारे गए हैं और 10 अन्य घायल हो गए हैं.

स्थानीय पुलिस अधिकारी अब्दुर रशीद का कहना था कि साइकिल पर बंधे बम में हुए धमाके में पाँच लोगों की मौत हो गई.

ये धमाका डेरा इस्माइल ख़ान के व्यस्त इलाक़े में हुआ.

ये धमाका सूबे सरहद के क़ानून मंत्री खलीफ़ा अब्दुल क़यूम के गुजरने से कुछ समय पहले हुआ.

हालांकि पुलिस अधिकारी अब्दुर रशीद ने समाचार एजेंसी एएफ़सी से कहा,'' ये स्पष्ट नहीं है कि इस धमाके का निशाना अब्दुल क़यूम थे, अभी हमारी जाँच चल रही है और हम सबूत इकट्ठा कर रहे हैं.''

इसी इलाक़े में इस महीने की शुरुआत में एक नौजवान ने पुलिस पर आत्मघाती हमला किया था जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी.

डेरा इस्माइल खान कस्बा पेशावर से करीब 300 किलोमीटर दूर है और कबायली इलाक़े वज़ीरिस्तान के काफ़ी करीब है.

अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगा डेरा इस्माइल ख़ान हिंसा से प्रभावित इलाक़ा है.

माना जाता है कि अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान शासन के पतन के बाद बड़ी संख्या में चरमपंथी इस इलाक़े में भाग कर आ गए थे.

इस इलाक़े में बहुसंख्यक शिया और अल्पसंख्यक सुन्नियों के बीच भी हिंसा का इतिहास रहा है.