http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 26 जनवरी, 2009 को 05:34 GMT तक के समाचार

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का उत्पात

छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में रविवार को नक्सलियों ने किरंदूल नाम के एक कस्बे में धावा बोला और कुछ लोगों को उठाकर ले गए.

हालाँकि रविवार देर रात इन्हें छोड़ दिया गया.

नक्सलियों ने एक निजी ठेकेदार के पेट्रोल पंप और दूसरे ठिकानों पर धावा बोला. उन्होंने वहाँ क़रीब दो दर्जन गाड़ियों और दूसरे सामान में आग लगा दी जिससे लाखों का नुकसान हुआ.

सूचना मिलने के बाद पुलिस भी वहाँ पहुँच गई और दोनों ओर से क़रीब 15 मिनट तक फ़ायरिंग हुई. बाद में नक्सली ठेकेदार के आठ कर्मचारियों को लेकर फ़रार हो गए.

पुलिस को इस घटना के बारे में पहले से ही आशंका थी और इसीलिए सुरक्षा के ख़ासे इंतज़ाम भी किए गए थे.

बंद का आह्वान

इससे कुछ ही दिनों पहले सिंघरम गाँव में हुए मुठभेड़ में 19 लोग मारे गए थे.

पुलिस का कहना है कि वे सभी नक्सली थे जबकि नक्सलियों का कहना है कि वे सीधे सादे ग्रामीण थे और पुलिस की मुठभेड़ फ़र्ज़ी थी.

इसी घटना के विरोध में नक्सलियों ने 26 जनवरी की पूर्व संध्या पर बंद का आह्वान किया था और इसी संदर्भ में इस घटना को भी जोड़कर देखा जा रहा है.

पिछले एक साल में यह इस तरह की दूसरी घटना है. इससे पहले यहाँ स्थित बड़ी कंपनी एस्सार के ठिकानों पर नक्सलियों ने हमला किया था.