http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 20 जनवरी, 2009 को 10:28 GMT तक के समाचार

'तालिबान' ने छह लोगों की हत्या की

पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी प्रांत में संदिग्ध तालिबान चरमपंथियों ने छह लोगों को अमरीका के लिए जासूसी करने के आरोप में मौत के घाट उतार दिया है.

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार मारे गए लोगों की लाशें उत्तरी वज़ीरिस्तान के मिरानसाह और मीर अली में मिली हैं.

यह इलाक़ा अल क़ायदा और तालिबान का गढ़ माना जाता है.

पिछले दो हफ्तों में इन इलाक़ों में संदिग्ध चरमपंथियों ने पाकिस्तान या अमरीकी बलों के लिए जासूसी करने के आरोप में कम से कम 15 लोगों को मार डाला है.

उत्तरी और दक्षिणी वज़ीरिस्तान को मिला दिया जाए तो पिछले छह सालों में चरमपंथियों ने सौ लोगों को जासूसी के आरोप में मारा है.

अधिकारियों ने बीबीसी उर्दू सेवा को बताया कि मारे गए लोगों में दो स्थानीय क़बीले के हैं जबकि दो अफ़गानिस्तान के खोश्त प्रांत के और दो पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी सीमांत प्रांत के रहने वाले हैं.

इन लाशों पर पाए गए नोट में कहा गया है कि इन लोगों को अमरीका के लिए जासूसी करने की सज़ा मिली है.

नोट में चेतावनी दी गई है कि लाशों को दिन के अंत तक नहीं हटाया जाए ताकि अन्य लोगों को भी पता चले कि ''जासूसों'' के साथ क्या बर्ताव किया जाता है.

पिछले कुछ हफ्तों में स्थानीय तालिबान चरमपंथियों ने ऐसी हत्याओं की ज़िम्मेदारी लेते हुए कहा है कि ये जासूस चरमपंथी इलाक़ों में अमरीकी जासूसी विमानों को हमला करने में मदद कर रहे थे.