http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 19 जनवरी, 2009 को 06:23 GMT तक के समाचार

कसाब की पुलिस हिरासत बढ़ी

मुंबई हमलों के एकमात्र जीवित पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक आमिर अजमल कसाब की पुलिस हिरासत दो फरवरी तक के लिए बढ़ा दी गई है.

कसाब पर देश के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने, हत्या, हत्या के प्रयास जैसे आरोप लगाए गए हैं और उनके ख़िलाफ़ अदालत में मामला चल रहा है. हिरासत में पुलिस अभी भी उससे पूछताछ कर रही है.

अदालत में कसाब का पक्ष रखने के लिए अभी तक कोई वकील तैयार नहीं हुआ है लेकिन ऐसी स्थिति में उन्हें सरकारी वकील की सुविधा मिल सकती है.

कसाब और उसके अन्य साथी इमरान को मुंबई पुलिस ने गिरगांव चौपाटी के पास 26 नवंबर की रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ़्तार किया था. मुठभेड़ में इमरान की मौत हो गई थी.

कसाब के बाकी आठ साथी मुंबई के नरीमन हाउस, ताज और ओबेराय होटल में हुए मुठभेड़ों में मारे गए थे.

कसाब के पाकिस्तानी नागरिक होने को लेकर भी काफ़ी बवाल हुआ था लेकिन अब पाकिस्तान ने मान लिया है कि वो उनका नागरिक है.

हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक कसाब से मिलने की कोई कोशिश नहीं की है.

मुंबई में 26 नवंबर को हुए हमलों में 170 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी जिसमें पंद्रह से अधिक पुलिसवाले भी शामिल हैं.