बुधवार, 14 जनवरी, 2009 को 05:12 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की सरकार ने विपक्ष पर आरोप लगाया है कि वह एक अख़बार के संपादक की हत्या के मामले को राजनीति चमकाने के लिए इस्तेमाल कर रहा है.
श्रीलंका सरकार में इंजीनियरिंग सेवा मंत्री रजित सेनारत्ने ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि पत्रकार की हत्या के पीछे कौन था लेकिन विपक्ष इसका फ़ायदा उठा रहा है.
संडे लीडर नामक अख़बार के संपादक लसंथा विक्रमतुंगा की अज्ञात बंदूकधारियों ने हत्या कर दी थी. वो मौजूदा सरकार के मुखर आलोचक माने जाते थे.
हत्या से कुछ दिनों पहले ही उन्होंने लेख लिखा था जिसमें सरकार की आलोचना की गई थी लेकिन यह लेख प्रकाशित नहीं किया गया था.
लसंथा ने यह लेख विभिन्न अख़बारों को यह लेख भेजा था और साथ ही कहा था कि अगर उनकी मौत होती है तभी यह लेख प्रकाशित किया जाए.
इस लेख में उन्होंने अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी. उन्होंने लिखा था, "अंत में अगर मैं मारा जाता हूँ तो दरअसल इसके पीछे सरकार होगी."
लेकिन सरकार ने हत्या के पीछे किसी आधिकारिक एजेंसी का हाथ होने से इनकार किया है.
इंजीनियरिंग मंत्री रजित सेनारत्ने का कहना था, "मैं नहीं कह सकता कि ये तमिल विद्रोहियों ने किया या किसी और ने. लेकिन इसका फ़ायदा किसे मिला..?"
श्रीलंका सरकार ये कहती रही है कि उसकी छवि धूमिल करने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साजिश हो रही है और विक्रमतुंगा की हत्या का मामला इससे जुड़ा हुआ है.