मंगलवार, 13 जनवरी, 2009 को 09:48 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड मिलिबैंड ने कहा है कि मुंबई हमलों के लिए पाकिस्तान स्थित चरमपंथी संगठन लश्करे तैबा ज़िम्मेदार है और पाकिस्तान सरकार को इसके ख़िलाफ़ कार्रवाई करनी ही होगी.
भारत के विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी के साथ बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मिलिबैंड ने साफ़ कहा कि पाकिस्तान सरकार को लश्करे तैबा को जड़ से ख़त्म करने के लिए उपाय करने ही होंगे.
मिलिबैंड का कहना था, '' हम मुंबई हमलों पर भारत से बिल्कुल सहमत हैं कि इसमें पाकिस्तान स्थित लश्करे तैबा का हाथ है और उसे जड़ से ख़त्म करने के लिए पाकिस्तान को क़दम उठाने ही होंगे. यह पाकिस्तान की ज़िम्मेदारी है.''
उनका कहना था, '' पाकिस्तान सरकार का इन हमलों में हाथ नहीं है लेकिन लश्करे तैबा ज़रुर इसमें शामिल है. ''
मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों में भारत के साथ एकजुटता दिखाते हुए मिलिबैंड ने कहा, "अब हमलों में शामिल चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की ज़िम्मेदारी पाकिस्तान पर है. इस संगठन को आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर ख़त्म करने का काम पाकिस्तान प्रशासन की है."
उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक और राजनीतिक सफलता दुनिया के लिए उम्मीद की किरण है.
मुखर्जी का कहना था कि चरमपंथी हमले एक अंतरराष्ट्रीय समस्या है. उन्होंने कहा, ''मुंबई हमले भारत पाक के रिश्तों से जोड़कर नहीं देखना चाहिए. यह एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है और इसका मुकाबला अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मिलकर करना होगा. ''
भारतीय विदेश मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों के बाद अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की ओर से भारत को काफ़ी सहयोग मिला है.