http://www.bbcchindi.com

रविवार, 11 जनवरी, 2009 को 08:50 GMT तक के समाचार

चरमपंथियों का सेना पर भीषण हमला

पाकिस्तान के सरहदी सूबे में लगभग छह सौ चरमपंथियों ने सैन्य ठिकाने पर हमला किया है जिसमें चालीस चरमपंथी और छह सैनिक मारे गए हैं.

छह सुरक्षाकर्मी घायल भी हुए हैं.

सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि अधिकांश हमलावर अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से आए थे.

चरमपंथियों ने सेना की चौकी को निशाना बनाया. सैन्य अधिकारियों के मुताबिक मुख्य हमले को विफल कर दिया गया लेकिन उसके बाद लगातार झड़पें होती रहीं.

समाचार एजेंसियों के मुताबिक तीन सुरक्षा चौकियों पर हमले किए गए. सेना का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में मारे गए चरमपंथियों में विदेशी भी थे.

ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान का सूबा सरहद लंबे अरसे से हिंसाग्रस्त रहा है.

यहाँ पाकिस्तानी सेना समय-समय पर चरमपंथियो के ख़िलाफ़ मुहिम चलाती रही है.

कबायली इलाक़ों में चरमपंथी ठिकानों पर अफ़ग़ान सीमा से अमरीकी पायलटरहित विमानों के भी हमले होते रहे हैं.

हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी काबुल गए थे जहाँ अफ़ग़ान राष्ट्रपति हामिद करज़ई के साथ उनकी बातचीत हुई थी और परस्पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी थी.