शनिवार, 10 जनवरी, 2009 को 19:53 GMT तक के समाचार
भारत के विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने कहा है कि यदि पाकिस्तान मुंबई हमलों के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं करता तो भारत अगला क़दम उठाएगा.
हालांकि प्रणव मुखर्जी ने यह नहीं बताया कि अगला क़दम क्या हो सकता है लेकिन उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को सबूतों के दस्तावेज़ दे दिए गए हैं और अब उम्मीद है कि पाकिस्तान इस पर कार्रवाई करेगा.
प्रणव मुखर्जी ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान के ख़िलाफ़ वैसी कार्रवाई नहीं की जा सकती जैसी इज़राइल फ़लस्तीनी इलाक़े में कर रहा है. उनका कहना था कि दोनों स्थितियों की तुलना नहीं की जा सकती.
टेलीविज़न चैनल सीएनएन-आईबीएन के साथ हुई बातचीत में उन्होंने कहा, "जब मैं कहता हूँ कि सारे विकल्प खुले हुए हैं...तो सारे विकल्प खुले हुए हैं."
विदेश मंत्री ने कहा, "हमें अगला क़दम उठाने के लिए ए, बी, सी या डी में से कोई विकल्प नहीं चुनना है. इसकी ज़रुरत ही नहीं है. अभी हमारे रास्ते बंद नहीं हुए हैं."
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने जो माँगा वो हमने दे दिया. अब हम उम्मीद करते हैं कि वे इस पर कार्रवाई करेंगे. यदि वो ऐसा नहीं करते हैं तो हम अगले क़दम का फ़ैसला करेंगे."
प्रणव मुखर्जी ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार महमूद अली दुर्रानी को बर्खास्त करने के निर्णय को भी 'दुर्भाग्यजनक' क़रार दिया.
लेकिन उनका कहना था कि इससे भारत को कोई फ़र्क नहीं पड़ेगा क्योंकि सरकार को तो पाकिस्तान सरकार से मतलब है.