http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 10 जनवरी, 2009 को 09:24 GMT तक के समाचार

'हमलावर पाकिस्तानी थे, प्रशिक्षण वहीं मिला'

भारत में अमरीकी राजूदत डेविड मल्फ़ोर्ड का कहना है कि मुंबई पर हुए हमले में पाकिस्तानी शामिल थे और हमलावरों को पाकिस्तान में प्रशिक्षण मिला.

शुक्रवार को उन्होंने दिल्ली में कहा," मुंबई पर हुए हमले में पाकिस्तान के लोग शामिल थे और हमलावरों को पाकिस्तान में प्रशिक्षण दिया गया था. हमारे लिए ये पर्याप्त जानकारी है जिससे ये निर्णय किया जाए कि पाकिस्तान में सब ठीक नहीं है."

जब उनसे पाकिस्तानी एजेंसियों का हाथ होने के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि बिना सबूत के मुंबई हमलों के लिए पाकिस्तान की सरकारी एजेंसियों पर इल्जा़म नहीं लगाना चाहिए.

शुक्रवार को उनका कहना था, " मैं बग़ैर सबूत के पाकिस्तान पर इल्जा़म लगाना नहीं चाहता."

मल्फ़ोर्ड का कहना था,"हम कोशिश करेंगे की 26/11 के अपराधियों को सज़ा मिल सके. अमरीका मुंबई हमलावरों को सज़ा दिलाने के लिए किसी भी हद तक जाएगा और जहाँ तक संभव होगा इसे अंजाम तक पहुँचाएगा."

मंगलवार को भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि मुंबई में 26 नवंबर को हुए चरमपंथी हमलों को जिस तरह से अंजाम दिया गया था उसमें पाकिस्तान की किसी सरकारी एजेंसी की मदद के संकेत मिलते हैं.

मुंबई पर हुए हमले में लगभग 180 लोग मारे गए थे जबकि 300 अन्य घायल हुए थे. इन हमलों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तल्ख़ी आ गई है.