बुधवार, 07 जनवरी, 2009 को 18:11 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार महमूद अली दुर्रानी को बर्ख़ास्त कर दिया गया है. इस बीच वहाँ की सूचना मंत्री ने माना है कि कसाब पाकिस्तानी नागरिक है.
पाकिस्तान के सरकारी टेलीविज़न चैनल पीटीवी ने दुर्रानी को हटाने की पुष्टि कर दी है.
पीटीवी के मुताबिक़, "राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को उनके ग़ैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार की वजह से हटाया गया है."
अभी इस मामले पर महमूद अली दुर्रानी की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है.
माना जा रहा है कि दुर्रानी को कुछ टीवी चैनलों को इंटरव्यू देने की वजह से पद से हटाया गया है, बताया जाता है कि उन्होंने कुछ दिन पहले मीडिया से इस बात की पुष्टि कर दी थी कि भारत की हिरासत में मौजूद चरमपंथी अजमल अमीर कसाब दरअसल पाकिस्तानी नागरिक है.
हालाँकि पाकिस्तान की सूचना मंत्री शेरी रहमान ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि कसाब पाकिस्तानी नागरिक है लेकिन समझा जा रहा है कि दुर्रानी को ऐसा करने के निर्देश नहीं दिए गए थे.
पाकिस्तान के टीवी चैनलों का कहना है कि प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने फ़ोन करके दुर्रानी को पद से हटाए जाने की सूचना दी.
जानकारों का कहना है कि दुर्रानी को जिस तरह से इस अहम पद से हटाया गया है उससे इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि पाकिस्तान में सत्ता के शीर्ष पर टकराव हो रहा है.
महमूद अली दुर्रानी पाकिस्तानी सेना के रिटायर्ड जनरल हैं और उन्होंने सुरक्षा के मामलों पर कई किताबें भी लिखी हैं.
दुर्रानी परवेज़ मुशर्रफ़ के दौर में संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के राजदूत रहे थे.