मंगलवार, 06 जनवरी, 2009 को 08:23 GMT तक के समाचार
मुंबई में 26 नवंबर को हुए चरमपंथी हमलों के एकमात्र जीवित अभियुक्त मोहम्मद अजमल आमिर कसाब की पुलिस हिरासत 19 जनवरी तक बढ़ा दी गई है.
मुंबई की एक अदालत ने कामा हॉस्पिटल में हुई गोलीबारी के सिलसिले में कसाब को पुलिस हिरासत में दिया है.
इस मामले में दक्षिण मुंबई के आज़ाद मैदान पुलिस थाने में मामला दर्ज है.
सुरक्षा कारणों से इस बार भी कसाब को अदालत में पेश नहीं किया गया.
उल्लेखनीय है कि कसाब के पास बचाव के लिए कोई वकील नहीं है. पाकिस्तान सरकार को लिखे एक पत्र में कसाब ने क़ानूनी सहायता उपलब्ध करवाने की माँग की थी लेकिन पाकिस्तान प्रशासन कसाब को अपना नागरिक मानने को ही तैयार नहीं है.
भारत सरकार ने सोमवार को कहा था कि पाकिस्तान सरकार को मुंबई चरपमंथी हमलों में पाकिस्तानी नागरिकों के शामिल होने के सबूत सौंप दिए गए हैं.
26 नवंबर को कामा हॉस्पिटल में हुई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों सहित सात लोगों की मौत हुई थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सरकारी वकील ईबी धमाल ने कहा, "हमने अदालत से कहा कि कामा हॉस्पिटल में हुई गोलीबारी के सिलसिले में पूछताछ के लिए पुलिस को कसाब की ज़रुरत है."
कसाब के ख़िलाफ़ चरमपंथी हमलों के तीन और मामले हैं और उन मामलों में कसाब को न्यायिक हिरासत में रखा गया है.