शनिवार, 03 जनवरी, 2009 को 04:12 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर के पुंछ में मंधार के घने जंगल में सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच 36 घंटे से मुठभेड़ चल रही है. भीषण गोलीबारी चल रही है और ग्रेनड दागे गए हैं. और सुरक्षा बलों ने इलाक़े की घेराबंदी कर रही है.
भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेख के पास स्थिति इस इलाक़े में सुरक्षा बलों को आगे बढ़ने में ख़ासी मुश्किल आ रही है. ये स्पष्ट नहीं है कि चरमपंथी इस जगह पर क्या कर रहे थे. सुरक्षा बलों को आशंका है कि जैशे मोहम्मद के स्थानीय कमांडर अबू दाऊद अब भी वहाँ फँसे हुए हैं.
बीबीसी की जम्मू संवाददाता बीनू जोशी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान अब तक चार चरमपंथियों और दो सैन्य कर्मचारियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.
राजौरी रेंज के पुलिस डीआईजी कमल सैनी ने कहा है - "मुठभेड़ अभी भी जारी है. सुरक्षा बलों ने इलाक़े को घेर रखा है. फ़िलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि वहाँ कितने चरमपंथी है.."
इससे पहले भारतीय थल सेना की उत्तरी कमांड के प्रवक्ता कर्नल डीके कचारी का कहा था, "सेना ने जगंल में छिपे चार चरमपंथियों को मार दिया है. दो सैनिक भी मारे गए हैं. एक सुरक्षाकर्मी का शव मिल गया है जबकि दूसरे शव की तलाश जारी है."
जो सैनिक मारे गए हैं उनके नाम - सूबेदार राकेश कुमार और नायक एपी सिंह बताए गए हैं.
मुंबई हमलों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच नियंत्रण रेखा के नज़दीक चल रही मुठभेड़ को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को कहा था कि उन्हें घटनास्थल के पास जंगल से दो पिस्तौल और 50 कारतूस बरामद हुए.
ग़ौरतलब है कि बारह दिसंबर को जम्मू-कश्मीर की पुलिस ने जम्मू के एक होटल से पाकिस्तान स्थित चरमपंथी संगठन जैशे मोहम्मद के तीन चरमपंथियों को गिरफ़्तार करने का दावा किया था.
पुलिस का कहना था कि गिरफ़्तार चरमपंथियों की योजना जम्मू में आत्मघाती हमला करने की थी.