http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 30 दिसंबर, 2008 को 10:59 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान ने मुख्य मार्ग बंद किया

पाकिस्तान ने चरमपंथियों पर कार्रवाई करने के उद्देश्य से अफ़ग़ानिस्तान जाने वाले एक प्रमुख मार्ग को बंद कर दिया है.

पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि ख़ैबर दर्रे के इलाक़े में मंगलवार को सेना ने टैंकों और हेलिकॉप्टरों की सहायता से कार्रवाई शुरु कर दी है.

अफ़ग़ानिस्तान में तैनात अमरीकी और अन्य सैन्य बलों को सामान पहुँचाने का यह एक प्रमुख रास्ता है.

हाल के महीनों में अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान से लड़ रहे अमरीकी सैनिकों को सामान पहुँचाने जा रहे ट्रकों को चरंमपंथियों ने क़ब्ज़े में ले लिया था और उन पर हमले किए थे.

अमरीकी हमले

ख़ैबर के प्रमुख अधिकारी तारिक़ हयात ने बताया, "जब तक हम चरमपंथियों से इस इलाक़े को मुक्त नहीं करवा लेते तब तक नैटो की सेनाओं को सामान नहीं पहुँचाया जा सकेगा."

हयात का कहना था कि इस इलाक़े में कर्फ़्यू लगा दिया गया है और अफ़ग़ानिस्तान बॉर्डर तक जाने वाली मुख्य सड़क को बंद कर दिया गया है.

उन्होंने बताया कि सेना ने चरमपंथियों के 26 ठिकानों की पहचान की है.

नैटो का कहना है कि सामान पहुँचाने के अन्य रास्ते भी हैं लेकिन पाकिस्तान से अफ़ग़ानिस्तान को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग यही है.

हाल में हज़ारों लोगों ने पेशावर में प्रदर्शन कर पाकिस्तान पर अमरीकी हमले बंद करने की माँग की. साथ ही उनका कहना था कि अफ़ग़ानिस्तान जाने वाले इस मार्ग को बंद किया जाए.

ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान के बॉर्डर इलाक़े में चालक रहित अमरीकी विमानों ने कई हमले किए हैं जिसका पाकिस्तान सरकार ने विरोध किया है.