http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 27 दिसंबर, 2008 को 02:59 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान ने बेनज़ीर को याद किया

पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की पहली बरसी के मौके पर हज़ारों लोग उनके मकबरे पर पहुँच कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

बेनज़ीर को गढ़ी ख़ुदा बख़्श में उनके पिता जुल्फ़िकार अली भुट्टो की क़ब्र के नज़दीक ही दफ़नाया गया था.

बेनज़ीर की याद में उस जगह बनाए गए मकबरे पर देश भर से लोगों के आने का सिलसिला जारी है.

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा है कि पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बनेज़ीर भुट्टो की हत्या की जाँच के लिए समिति जल्दी ही गठित होगी.

27 दिसंबर को पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी यानी पीपीपी की नेता बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के एक वर्ष पूरे हो गए हैं.

पिछले वर्ष इसी दिन रावलपिंडी में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद हुए आत्मघाती हमले में उनकी मौत हो गई थी. इन हमलों में बीस लोग और मारे गए थे.

बेनज़ीर की हत्या की बरसी पर जारी बयान में बान की मून ने उम्मीद जताई है कि जाँच समिति हत्याकांड की सच्चाई का पता लगाने और न्याय दिलाने में मदद करेगी.

पीपीपी ने अपनी नेता की हत्या के पीछे ताकतवर ख़ुफ़िया अधिकारियों का हाथ होने का आरोप लगाते हुए इसकी जाँच संयुक्त राष्ट्र से कराने की माँग की थी.

हालाँकि इस आरोप को तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ ने नकार दिया था.

बेनज़ीर की याद में पाकिस्तान के कई शहरों में आयोजन की तैयारियाँ हो रही हैं.

रावलपिंडी के परेड मैदान के निकास द्वार को नया रुप दिया गया है जहाँ उनकी हत्या हुई थी.

वहाँ पर उनकी याद में छोटा स्मारक तैयार किया जा रहा है.