http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 12 दिसंबर, 2008 को 11:33 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान ने भारत से फिर सबूत मांगे

पाकिस्तान ने भारत से कहा है कि वह मुंबई हमलों के सिलसिले में उसे सबूत दे क्योंकि इसके बिना संदिग्ध लोगों पर कार्रवाई मुश्किल होगी.

पाकिस्तान का कहना है कि सबूतों के बिना मुंबई हमलों की जाँच भी प्रभावित हो सकती है.

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने कहा है कि पाकिस्तान के अनुरोध के बावजूद भारत ने अभी तक उन्हें कोई सबूत नहीं दिया है.

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने मुंबई हमलों की जाँच के लिए एक संयुक्त आयोग बनाने का भी प्रस्ताव रखा है. अमरीका और भारत के दबाव के बाद पाकिस्तान ने जमात-उद-दावा पर कार्रवाई शुरू की है और उसके नेता हाफ़िज़ मोहम्मद सईद को नज़रबंद भी किया गया है.

इसके अलावा भी कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. अब पाकिस्तान का कहना है कि बिना पर्याप्त और पुख़्ता सबूत के वह एक सीमा से आगे कार्रवाई नहीं कर सकता.

कार्रवाई

एक दिन पहले ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यह स्वीकार किया था कि जमात-उद-दावा लश्कर-ए-तैबा का ही एक अंग है.

इस संगठन से संबंधित चार नेताओं को भी मुंबई धमाकों के सिलसिले में प्रतिबंधित संगठनों और नेताओं की सूची में शामिल किया गया है.

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के इस फ़ैसले के बाद पाकिस्तान ने भी इस पर कार्रवाई करते हुए जमात-उद-दावा के कई दफ़्तरों को सील कर दिया है और नेताओं के ख़िलाफ़ भी कार्रवाई की है. जमात के बैंक खातों को भी सील कर दिया गया है.

भारत ने अभी तक मुंबई हमलों से संबंधित 10 हमलावरों की तस्वीरें जारी की है. भारत का कहना है कि इनमें से नौ कार्रवाई के दौरान मारे गए जबकि एक हमलावर को ज़िंदा पकड़ा गया है जिससे पूछताछ की जा रही है.