http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 08 दिसंबर, 2008 को 05:33 GMT तक के समाचार

मिज़ोरम:कांग्रेस का बेहतरीन प्रदर्शन

मिज़ोरम विधानसभा चुनावों की मतगणना के बाद सारे परिणाम आ गए हैं कांग्रेस सरकार बना रही है.

देर शाम तक 40 में से 39 सीटों के परिणाम घोषित हुए हैं जिसमें से कांग्रेस को 31 सीटों पर जीत मिली है जो स्पष्ट बहुमत है.

राज्य में सत्तारुढ़ मिजो नेशनल फ्रंट बुरी तरह से हारी है और उन्हें मात्र तीन सीटों से संतोष करना पड़ा है.

इसके अलावा यूनाइटेड डेमोक्रेटिक अलायंस यानी यूडीए ने दो सीटों पर विजय दर्ज कर ली है.

राज्य में 205 प्रत्याशी मैदान में थे जिनमें से नौ महिलाएं और 36 निर्दलीय प्रत्याशी थे.

एमएनएफ़ पीछे

ज्ञात हो कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के दावेदार सदस्य लालथनहवला ने मिज़ो नेशनल फ़्रंट के एफ़ लालथनज़ुआवा को हरा कर दक्षिण तिपोई सीट स्पष्ट तौर पर जीत ली है.

राज्य की दूसरी प्रमुख पार्टी मिजोरम नेशनल फ्रंट मात्र तीन सीटों पर आगे चल रही है.

प्रमुख प्रत्याशियों में मुख्यमंत्री और मिज़ोरम नेशनल फ़्रंट के ज़ोरामथंगा और पूर्व मुख्यमंत्री लालथनहवली और ब्रिगेडियर टी सेल भी शामिल हैं.

मिज़ो नेशनल फ़्रंट राज्य में पिछले दस सालों से राज्य कर रहा है.

रणनीतिक दृष्टि से मिज़ोरम भारत के लिए बहुत अहम है. इसके पूर्व में बर्मा स्थित है तो पश्चिम में बांग्लादेश है.

मिज़ोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा में से 39 सीटें जनजातियों के आरक्षित हैं जबकि एक सामान्य वर्ग के लिए सुरक्षित है.