http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 08 दिसंबर, 2008 को 05:13 GMT तक के समाचार

छत्तीसगढ़ में भाजपा को बढ़त

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में दोपहर तक आए रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस की तुलना में बढ़त मिली हुई है.

राज्य के कुल 90 सीटों के रुझान सामने आ गए हैं जिसमें से भाजपा 48 और कांग्रेस 36 सीटों पर आगे चल रही है.

बसपा को तीन और अन्य को तीन सीटों पर बढ़त है.

राज्य में फ़िलहाल बीजेपी की सरकार है.

राज्य में चुनावों से पहले विकास के अलावा नक्सल समस्या को मुद्दा बनाया गया था लेकिन अभी साफ नहीं हो पाया है कि लोगों ने अपना वोट किस तरह दिया है.

धीरे धीरे दिन में जब परिणाम सामने आएंगे और रुझान स्पष्ट होंगे तभी पता चल पाएगा कि जनता ने किन मुद्दों पर वोट दिया है.

कांग्रेस की ओर से अजित जोगी ने प्रचार अभियान की बागडोर संभाली थी लेकिन लगता नहीं कि उनके अभियान से कांग्रेस को कोई फ़ायदा हो रहा है.

अजित जोगी पूर्व में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे हैं लेकिन पिछले चुनावों में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा था.