http://www.bbcchindi.com

रविवार, 07 दिसंबर, 2008 को 02:18 GMT तक के समाचार

'लश्कर पर कार्रवाई को तैयार पाकिस्तान'

अमरीका के जाने माने अख़बार वाशिंगटन पोस्ट ने पाकिस्तान के एक उच्च अधिकारी के हवाले से ख़बर दी है कि भारत की मांग के बाद पाकिस्तान लश्कर ए तैयबा के ख़िलाफ़ 48 घंटे में कार्रवाई करने पर तैयार हो गया है.

अख़बार के अनुसार अधिकारी ने कूटनीतिक संवेदनशीलता के मद्देनज़र अपना नाम उजागर नहीं किया है लेकिन अधिकारी का कहना है कि भारत ने पाकिस्तान से लश्कर के कमांडर ज़की उर रहमान लखवी और पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के पूर्व प्रमुख हमीद गुल को गिरफ्तार करने और भारत को सौंपने की मांग की है.

शनिवार को छपी अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार भारत मुंबई हमलों के लिए लश्कर कमांडर और हमीद गुल को ज़िम्मेदार मानता है.

अख़बार के अनुसार अधिकारी ने कहा, '' अगले 48 घंटे बहुत महत्वपूर्ण होने वाले हैं. ''

मुंबई में पिछले हफ्ते हुए चरमपंथी हमलों के बाद भारतीय अधिकारी इन हमलों के साथ पाकिस्तान के तार जोड़ रहे हैं. अख़बार ने एक उच्च पदस्थ भारतीय अधिकारी के हवाले से ये भी कहा है कि भारत के पास ''स्पष्ट और न झुठलाए जा सकने वाले सबूत '' हैं कि लश्कर ने ही मुंबई हमलों को अंज़ाम दिया है.

नाम न उजागर करने की शर्त पर अधिकारी ने कहा, '' हमारे पास लोगों के नाम है जिन्होंने इस हमले को अंज़ाम दिया और हमें पता है कि लश्कर और आईएसआई के गहरे संबंध हैं.''

भारत और अमरीकी जांचकर्ताओं के अनुसार इन हमलों के पीछे लश्कर नेता युसुफ मुज़म्मिल की मुख्य भूमिका है.