रविवार, 07 दिसंबर, 2008 को 18:51 GMT तक के समाचार
तालेबान के नेता मुल्ला उमर ने नैटो सेना को अफ़ग़ानिस्तान से हटने की चेतावनी देते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में वहाँ हिंसा और फैल सकती है.
पिछले एक साल में पहली बार दिए सार्वजनिक बयान में मुल्ला उमर ने कहा है कि अमरीका ने अफ़ग़ानिस्तान में सैनिकों की संख्या बढ़ाने का फ़ैसला किया है जिससे संघर्ष और तेज़ होंगे.
उन्होंने कहा कि इससे पश्चिमी देशों के अधिक से अधिक सैनिक हताहत होंगे.
तालेबान नेता ने कहा कि ऐसी कई घटनाएँ हो चुकी हैं जिनमें विदेशी सेना ने चरमपंथियों के ख़िलाफ़ मुहिम के दौरान निर्दोष नागरिकों की हत्याएँ की है.
उनका कहना है कि इन घटनाओं से लड़ाकों का गुस्सा और भड़केगा.
ऐसी चर्चाएँ चल रही है कि अफ़ग़ान सरकार और उसके पश्चिमी सहयोगी जिनके ख़िलाफ़ सैन्य मुहिम चला रहे हैं उनमें से कुछ के साथ बातचीत की प्रक्रिया शुरु कर सकते हैं.
लेकिन मुल्ला उमर के बयान से लगता है कि वो पश्चिमी सेना के ख़िलाफ़ लड़ाई को जारी रखने के लिए पहले की तरह प्रतिबद्ध हैं.
मुल्ला उमर के बयान से कुछ घंटों पहले पाकिस्तानी में संदिग्ध चरमपंथी हमले में 90 से ज़्यादा ट्रकों को जला दिया गया जिनमें अफ़ग़ानिस्तान में तैनात पश्चिमी सैनिकों के लिए सामान भेजा जा रहा था.