http://www.bbcchindi.com

रविवार, 07 दिसंबर, 2008 को 20:41 GMT तक के समाचार

पाक ने लश्कर के कैंप पर धावा बोला

पाकिस्तान से मिल रही ख़बरों के मुताबिक सेना ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन लश्करे तैयबा के एक कैंप पर धावा बोला है.

माना जा रहा है कि मुंबई में चरमपंथी हमलों के बाद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय दबाव में ये क़दम उठाया है.

इससे पहले वाशिंगटन पोस्ट ने ख़बर दी थी कि अमरीका और भारत ने पाकिस्तान को लश्कर पर कार्रवाई के लिए 48 घंटे की समयसीमा दी है.

मुज़फ़्फराबाद स्थित बीबीसी संवाददाता के मुताबिक शिविर को चारों ओर से घेर लिया गया है.

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने कई भीषण धमाकों की आवाज़ें सुनी हैं. वहाँ हेलीकॉप्टर और सेना के जवान देखे गए हैं.

पाकिस्तानी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करने से इनकार किया है कि सेना ने शिविर को अपने क़ब्ज़े में कर लिया है.

मुंबई के कई ठिकानों पर 26 नवंबर की देर शाम हुए चरमपंथी हमलों में 180 से अधिक लोग मारे गए थे और लगभग ढाई सौ घायल हुए थे.

चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कमांडो कार्रवाई 59 घंटों के बाद ताज होटल को मुक्त कराने के साथ ख़त्म हुई.

पुलिस ने एक चरमपंथी अजमल अमीर कसाब को जीवित पकड़ने में सफलता हासिल की जिसके बारे में कहा जा रहा है कि वो पाकिस्तान का रहने वाला है.

समाचार एजेंसियों के मुताबिक कसाब ने पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियाँ दी हैं जिनसे पता चलता है कि कसाब ने पाकिस्तान में ही प्रशिक्षण पाया था.