रविवार, 07 दिसंबर, 2008 को 13:07 GMT तक के समाचार
पाकिस्तानी पुलिस के अनुसार देश के पश्चिमोत्तर इलाक़े में एक संदिग्ध चरमपंथी हमले में 90 से भी ज्यादा ट्रकों को जला दिया गया है.
इन ट्रकों से अफ़ग़ानिस्तान में पश्चिमी देशों के सैनिकों के लिए सामान ले जाया जा रहा था.
पुलिस का कहना है कि पेशावर के पास 250 बंदूक़धारियों ने रॉकेट और बंदूक़ो से टर्मिनल पर हमला किया जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई.
इस हमले में तबाह हुई लॉरियों में से कुछ ऐसी थीं जिन पर बख़्तरबंद गाड़ियाँ लदी हुई थी.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ट्रकों पर पहले भी हमले हुए हैं, लेकिन इस स्तर का हमला पहले नहीं हुआ.
अफ़ग़ानिस्तान की सीमा के पास तालेबान चरमपंथियों के ख़िलाफ़ चल रही कार्रवाई में पेशावर की ये सड़क अमरीकी और यूरोपीय सैनिकों के लिए सामान भेजने का एक महत्वपूर्ण रास्ता है.
हर दिन 350 से ज़्यादा ट्रक सात हज़ार टन सामान लेकर ख़ैबर के रास्ते काबुल जाते हैं.
हमला
रविवार की रात को हुए इस हमले में लगभग 250 हमलावरों ने पोर्टवॉर्ड लॉजिस्टिक टर्मिनल पर हमला कर दिया.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के हवाले से पुलिस अधिकारी अज़ीम ख़ान ने कहा, "उन्होंने रॉकेट छोड़े, हैंड ग्रेनेड इस्तेमाल किए और 96 ट्रकों में आग लगा दी."
एक सुरक्षाकर्मी ने बताया, "वे अल्लाहू-अकबर के नारे लगा रहे थे और अमरीका को बुरा कह रहे थे."
मोहम्मद रफ़ीउल्लाह ने कहा, "वो टर्मिनल में घुस गए और उन्होंने हम से हथियार छीन लिए."
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक़ 106 लॉरियों में आग लगाई गई, जिनमें 62 लॉरियाँ वाहनों से भरी हुई थीं.
पिछले महीने भी चरमपंथियों ने ख़ैबर के रास्ते सेना के लिए सामान ले जा रहे 12 ट्रक लूट लिए थे.
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी और नैटो सेनाओं के लिए सामान की आपूर्ति पाकिस्तान के ख़ैबर एजेंसी से होती है.