गुरुवार, 04 दिसंबर, 2008 को 13:01 GMT तक के समाचार
मुंबई में हुए हमलों के कारण इस्तीफ़ा दे चुके मुख्यमंत्री विलास राव देशमुख के स्थान पर नए मुख्यमंत्री के बारे में फ़ैसला आलाकमान करेगा.
नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर मुंबई में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई जिसमें प्रणव मुखर्जी और एके एंटनी भी शामिल हुए लेकिन इसमें कोई निर्णय नहीं हो सका.
बैठक के बाद बताया गया कि राज्य में नए मुख्यमंत्री का चयन आलाकमान करेगा यानी फ़ैसला अब दिल्ली में होगा.
देशमुख का इस्तीफ़ा
इससे पहले देशमुख ने गुरुवार को अपना इस्तीफ़ा राजभवन में राज्यापाल एससी जमीर को सौंपा. राज्यपाल ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया और वैकल्पिक व्यवस्था होने तक पद संभालने को कहा.
राज्यपाल को इस्तीफ़ा सौंपने के बाद देशमुख ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दो बार राज्य की ज़िम्मेदारी सौंपने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रति आभार जताया.
सबसे दुखद
उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में हमें लोगों की नाराज़गी का सम्मान करना चाहिए."
मुंबई पर हुए चरमपंथी हमले को अपने कार्यकाल का सबसे दुखद क्षण बताते हुए देशमुख ने कहा, "हम बहुत से लोगों की जान नहीं बचा सके."
हमलों के बाद ताज होटल के दौरे के समय निर्माता-निर्देशक राम गोपाल वर्मा को अपने साथ ले जाने को देशमुख ने 'एक भूल' बताया.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के मुख्यमंत्री बदलने के फ़ैसले से राज्य सरकार में सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का कोई लेना-देना नहीं है.
मुंबई हमलों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सदस्य और उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री आरआर पाटिल के इस्तीफ़े के बाद मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख पर भी इस्तीफ़े का दबाव था.
इससे पहले इसी मामले को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने इस्तीफ़ा दिया था.