http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 03 दिसंबर, 2008 को 17:07 GMT तक के समाचार

देशमुख के उत्तराधिकारी का फ़ैसला

महाराष्ट्र में गुरुवार को मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के उत्तराधिकारी के बारे में फ़ैसला किया जाएगा.

इसके पहले महाराष्ट्र के प्रभारी एके एंटोनी ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विलासराव देशमुख को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के लिए कहा गया है.

उनका कहना था कि गुरुवार को वो और प्रणव मुखर्जी मुंबई जाएंगे और विधायक दल की बैठक में नए नेता का चयन किया जाएगा.

मुंबई हमलों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री आरआर पाटिल के इस्तीफ़े के बाद मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख पर भी इस्तीफ़े का दबाव था.

ताज पैलेस में मुठभेड़ खत्म होने के बाद जिस तरह से मुख्यमंत्री देशमुख बॉलीवुड के निर्देशक रामगोपाल वर्मा और अपने पुत्र रीतेश देशमुख को लेकर इन स्थानों पर गए उससे लोग बेहद नाराज़ थे और देशमुख की कड़ी आलोचना हो रही थी.

जनता में आक्रोश

उनके सहयोगी पूर्व गृह मंत्री आआर पाटिल के एक बयान ने आग में घी का काम किया था.

पाटिल ने मुंबई की घटनाओं को लेकर कहा था कि 'बड़े शहरों में छोटी बातें होती रहती हैं'.

ऐसे माहौल के बाद देशमुख का अपनी कुर्सी बचाना मुश्किल माना जा रहा था.

बुधवार को मुंबई धमाकों को लेकर लोग बड़ी संख्या में जमा हुए और उन्होंने राजनीतिज्ञों के ख़िलाफ़ अपने आक्रोश को व्यक्त किया.

माना जा रहा है कि लोगों की नाराज़गी मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उपमुख्यमंत्री आरआर पाटिल पर भारी पड़ी.

इसके पहले हमलों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल का भी इस्तीफ़ा हो चुका है.

उल्लेखनीय है कि रविवार को मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों की 'नैतिक ज़िम्मेदारी स्वीकार करते हुए' शिवराज पाटिल ने गृहमंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.