http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 01 दिसंबर, 2008 को 21:02 GMT तक के समाचार

मिज़ोरम में सभी 40 सीटों पर मतदान

भारत के पूर्वोत्तर राज्य मिज़ोरम में 40 सीटों पर मंगलवार को मतदान हो रहा है.

यहाँ सत्तारूढ़ मिज़ो नेशनल फ्रंट, विपक्षी कांग्रेस और तीन दलों के गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक एलांयस के बीच त्रिकोणीय मुक़ाबला है.

नवगठित यूडीए में ज़ोराम नेशनलिस्ट पार्टी और मिज़ोरम पीपुल्स कॉन्फ्रेंस शामिल हैं और इसे किसानों के संगठन ज़ोरम कुथनथव्कतू पाल (जेडकेपी) का भी समर्थन प्राप्त है.

जोरमथंगा की अगुवाई वाला एमएनएफ़ सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रहा है.

इन पार्टियों के अलावा भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार भी विधानसभा चुनावों में अपना भाग्य आजमा रहे हैं.

अहमियत

वर्ष 2003 के विधानसभा चुनावों में एमएनएफ़ ने 21, कांग्रेस ने 12 और विभिन्न छोटे दलों ने सात सीटों पर सफलता हासिल की थी.

रणनीतिक दृष्टि से मिज़ोरम भारत के लिए बहुत अहम है. इसके पूर्व में बर्मा स्थित है तो पश्चिम में बांग्लादेश है.

मिज़ोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा में से 39 सीटें जनजातियों के आरक्षित हैं जबकि एक सामान्य वर्ग के लिए सुरक्षित है.

इन विधानसभा चुनावों में 611,124 मतदाता हिस्सा लेंगे और इनमें से लगभग 90 फ़ीसदी मतदाताओं को फ़ोटो पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं.