शुक्रवार, 28 नवंबर, 2008 को 13:34 GMT तक के समाचार
शुक्रवार को मुंबई में कार्रवाई के दौरान एनएसजी के दो कमांडो मारे गए हैं, जिनमें एक अधिकारी भी शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान छह जवान घायल भी हुए हैं.
मुंबई में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई के दौरान पहली बार एनएसजी का कोई सदस्य मारा गया है. मारे गए एनएसजी कमांडो में 31 वर्षीय मेजर संदीप उन्नीकृष्णन भी शामिल हैं.
एनएसजी के एक प्रवक्ता ने बताया है कि ताज होटल में शुक्रवार की सुबह चरमपंथियों के ख़िलाफ़ गोलीबारी में मेजर उन्नीकृष्णन मारे गए.
नरीमन हाउस में कार्रवाई के दौरान कमांडो चंदर को गोलियाँ लगी हुई थी और वे गंभीर रूप से घायल हुए थे. बाद में उनकी भी मौत हो गई.
कार्रवाई
ताज होटल, ओबेरॉय होटल और नरीमन हाउस में कार्रवाई के दौरान छह अन्य कमांडो घायल हुए हैं. मेजर उन्नीकृष्णन मूल रूप से 51 स्पेशल एक्शन ग्रुप के साथ जुड़े हुए थे लेकिन वे फ़िलहाल एनएसजी के साथ काम कर रहे थे.
पिछले दो साल से वे ब्लैक कैट कमांडो के रूप में काम कर रहे थे. बिहार रेजिमेंट में अधिकारी रह चुके उन्नीकृष्णन वर्ष 1999 में सेना से जुड़े थे.
मुंबई में चरमपंथी हमले के दौरान ही मुंबई पुलिस के तीन वरिष्ठ अधिकारी भी मारे गए थे.
इनमें शामिल थे- आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक काम्ते और पुलिस इंस्पेक्टर विजय सालसकर.