शुक्रवार, 28 नवंबर, 2008 को 06:13 GMT तक के समाचार
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राष्ट्र के संबोधन से देश को बड़ी उम्मीद थी लेकिन उन्होंने निराश किया.
नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुंबई में घटनास्थलों का दौरा किया.
उन्होंने इन हमलों में मारे गए लोगों के परिजनों की सहायता के लिए महाराष्ट्र सरकार को एक करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की.
ताज और ओबेरॉय होटल का दौरा करने के बाद नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें महसूस हुआ कि मौक़े पर जाकर पुलिस, फ़ायर ब्रिगेड के लोगों के कार्य की सराहना और समर्थन करूँ.
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि ऐसे जानकारी सामने आ रही है कि पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आए लोगों ने चरमपंथी घटनाओं को अंजाम दिया.
उनका कहना था कि पाकिस्तान ने आतंकवाद संबंधी संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव का उल्लंघन किया है जिसके अनुसार कोई भी देश अपने ज़मीन का इस्तेमाल आतंकवाद की घटनाओं के लिए नहीं करने देगा.
उनका कहना था कि भारत को पाकिस्तान के समक्ष कूटनीतिक स्तर पर ये मामला उठाना चाहिए.
नरेंद्र मोदी ने चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में मारे गए मुंबई आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) के प्रमुख हेमंत करकरे और मुंबई पुलिस के अधिकारी विजय सालस्कर को शहीद बताया.
वो हेमंत करकरे के घर भी गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.