http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 28 नवंबर, 2008 को 10:53 GMT तक के समाचार

आईएसआई के प्रमुख भारत जाएँगे

मुंबई हमलों की जाँच में सहयोग करने के लिए पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के प्रमुख भारत जाएँगे.

मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गीलानी से बात करके ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के प्रमुख को भारत भेजने की बात कही है.

इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता एजाज़ मेहर ने बताया है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गीलानी इसके लिए तैयार हो गए हैं.

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गीलानी ने मनमोहन सिंह को फ़ोन करके मुंबई हमलों की कड़ी आलोचना भी की.

संकेत

मनमोहन सिंह ने बातचीत के दौरान कहा कि मुंबई हमलों की शुरुआती जाँच में ये संकेत मिले हैं कि इसके तार पाकिस्तान के कराची शहर से जुड़े हुए हैं और इस मामले की जाँच के लिए वे पाकिस्तान से मदद चाहते हैं.

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि आईएसआई चीफ़ को भारत भेजा जाए ताकि सबूतों को उनसे बाँटा जा सके और हमले की जाँच की जा सके.

प्रधानमंत्री गीलानी ने कहा है कि जाँच में सहयोग कैसे होगा, ये सब तय होने के बाद आईएसआई प्रमुख को भारत भेजा जाएगा.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गीलानी के प्रेस सचिव ज़ाहिद बशीर ने बीबीसी को ये जानकारी दी है. बातचीत के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट कर दिया कि पाकिस्तान सरकार या उसकी कोई एजेंसी मुंबई हमलों में शामिल नहीं है.