http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 27 नवंबर, 2008 को 08:52 GMT तक के समाचार

ख़ुफ़िया प्रमुखों के बीच संपर्क की पेशकश

मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों के बाद पाकिस्तान ने दोनों देशों के ख़ुफ़िया प्रमुखों के बीच संपर्क की पेशकश की है.

चार दिनों के भारत दौरे पर आए पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने यह प्रस्ताव रखा है.

दूसरी ओर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने अपने संदेश में मुंबई हमले की कड़ी निंदा की है.

राष्ट्रपति ज़रदारी ने कहा है कि क्षेत्र से 'आतंकवाद' और उग्रवाद का ख़ात्मा करने के लिए कड़े क़दम उठाए जाने की आवश्यकता है.

बयान

पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री गिलानी ने भी मुंबई हमलों की निंदा की है और कहा है कि पाकिस्तान हमेशा से ही 'आतंकवाद' का विरोधी रहा है.

लेकिन भारत दौरे पर आए पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने मुंबई हमलों के बाद दोनों देशों के ख़ुफ़िया प्रमुखों के बीच हॉट लाइन संपर्क बनाए जाने की पेशकश की है.

उन्होंने विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी के सामने यह प्रस्ताव रखा है. शाह महमूद क़ुरैशी ने मुंबई की घटना पर गहरा शोक जताया है और कहा है कि पाकिस्तान भारत को हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है.

पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देश 'आतंकवाद' की मार झेल रहे हैं इसलिए दोनों देशों को मिलकर इसका सामना करना चाहिए.