गुरुवार, 27 नवंबर, 2008 को 12:23 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल स्थित अमरीकी दूतावास के नज़दीक एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर ने हमला किया है.
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस हमले में कम से कम एक आम नागरिक की मौत हो गई है.
हालांकि एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस हमले में और लोग भी मारे गए हैं.
ख़बरों के मुताबिक भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बावजूद अमरीकी दूतावास के प्रवेश द्वार से क़रीब 200 मीटर दूर ही हमलावर ने धमाका कर दिया.
काबुल के पुलिस प्रमुख मोहम्मद अयूब सालंगी का कहना है कि इस धमाके में एक आदमी की मौत हो गई है और छह लोग घायल हो गए हैं.
हालांकि काबुल शहर के अपराधिक मामलों की जाँच के प्रमुख अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि इस हमले में चार लोग मारे गए हैं.
हाल के महीनों में अफ़ग़ानिस्तान में विदेशी सुरक्षा बलों और अधिकारियों की सुरक्षा एक चिंता का विषय बनी हुई है.
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक दूतावास में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था और धमाके के समय अमरीकी और अन्य विदेशी लोग दूतावास के अंदर जा रहे थे.
ग़ौरतलब है कि अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान के हमले हाल के महीनों में बढ़े हैं.