बुधवार, 26 नवंबर, 2008 को 07:08 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की सरकार का कहना है कि सेना देश के उत्तरी इलाक़े में तमिल विद्रोहियों के प्रशासनिक मुख्यालय किलीनोची पर कब्ज़ा करने के क़रीब है. ये तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई के बड़े अड्डों में से एक है.
कोलंबों में सेना के प्रवक्ता ने कहा कि कई दिन के घमासान के बाद उसे संकेत मिले हैं कि एलटीटीई उस इलाक़े और शहर के पीछे हटने की तैयारी कर रहा है.
लेकिन एलटीटीई की ओर से किलीनोटी और उसके आसपास हो रही लड़ाई के बारे में कोई बयान नहीं आया है.
एलटीटीई को ख़ासा नुकसान
समाचार एजेंसियों के अनुसार श्रीलंका की सेना तमिल विद्रोहियों के मुख्य अड्डे की ओर लगातार बढ़ रही है.
सेना के प्रवक्ता का ये भी कहना है कि सैनिक उत्तर-पूर्वी तटवर्ती मुल्लईटिवू शहर में भी दाख़िल होने के क़रीब हैं. माना जाता है कि एलटीटीई के अधिकतर लड़ाके, अन्य जगह से पीछे हटने के बाद, इस इलाक़े में जमा हुए हैं.
श्रीलंका से अलग होकर तमिल राज्य की स्थापना करने के प्रयास कर रहे एलटीटीई के लिए पिछले कई महीनों की लड़ाई बहुत ही घाटे का सौदा रहा है और उसने अपने कब्ज़े वाला ख़ासा इलाक़ा सेना को खो दिया है.
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने स्पष्ट किया है कि उन्हें एलटीटीई के आत्मसमर्पण के अलावा कोई विकल्प मंज़ूर नहीं होगा.