http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 26 नवंबर, 2008 को 20:38 GMT तक के समाचार

आला पुलिस अधिकारियों की मौत

मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों के दौरान एक अभियान में आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे समेत तीन बड़े पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई है.

रेलवे पुलिस के महानिदेशक केपी रघुवंशी ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे की मौत हो गई है.

ख़बरों के मुताबिक हेमंत करकरे के अलावा मुठभेड़ के विशेषज्ञ माने जाने वाले विजय सालस्कर और एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अशोक काम्ते की भी इन हमलों में मौत हुई है.

हमलावरों ने मुंबई में सात स्थानों पर धमाके किए और फायरिंग की. कम से कम पांच स्थानों पर चरमपंथी छुपे हुए हैं और कुछ लोगों को उन्होंने बंधक बना रखा है.

ऐसे ही एक स्थान पर हेमंत करकरे भी तुरंत पहुंचे थे और खुद ही अभियान को अपने हाथ में लिया. इस दौरान उन्हें तीन गोलियां लगीं और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई.

हेमंत करकरे इससे पहले रॉ में काम कर चुके हैं और एटीएस प्रमुख के तौर पर उनका कार्यकाल अच्छा माना जाता रहा है.

मुंबई पुलिस के दो अधिकारियों विजय सालस्कर और अशोक कामते की भी मुठभेड़ में मौत हो गई है.